रुड़की की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पाडली गुर्जर निवासी फरहाद के कथित अपहरण का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। अपहरण के आरोपों को लेकर विवाद उस समय और गहरा गया, जब रहीमपुर गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नदीम अहमद मीडिया के सामने आए और उन्होंने फरहाद के परिवार पर कई गंभीर टिप्पणियां करते हुए परिवार के लोगों को गलत गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया।

नदीम अहमद के बयान के बाद फरहाद के परिजनों ने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा। फरहाद के भाई सावेज और जहांगीर आलम ने नदीम अहमद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सात नवंबर को नदीम ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके भाई फरहाद का अपहरण किया था। परिजनों का दावा है कि अपहरण के बाद फरहाद को छोड़ने के एवज में 50 लाख रुपये से अधिक की मांग की गई थी। उनका आरोप है कि करीब 30 लाख रुपये देने के बाद ही उनके भाई को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराया जा सका।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिजनों ने नदीम अहमद की ओर से उनकी संपत्ति को लेकर किए गए दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परिवार के पास न तो हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है और न ही 500 बीघा से ज्यादा जमीन होने की बात सही है। परिजनों के मुताबिक, परिवार के सदस्य पहले विदेशों में रहकर मेहनत-मजदूरी और कारोबार करते रहे हैं। वहां से कमाई करने के बाद उन्होंने यहां अलग-अलग व्यवसाय शुरू किए और अपनी मेहनत से संपत्ति बनाई है।

परिजनों ने नदीम अहमद के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज होने का आरोप भी लगाया और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनके परिवार का कोई भी सदस्य किसी गलत गतिविधि में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए।

फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। ऐसे में अब पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।