भिवानी में तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 33 वर्षीय महिला सोनिया की मौत हो गई, जबकि उसका पति हितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए हिसार रेफर किया गया है। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आरोपी कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सोनिया अपने पति हितेश के साथ मंदिर में धोक लगाकर एक्टिवा पर सवार होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से राजस्थान नंबर की एक तेज रफ्तार कार आई और एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक करीब 200 मीटर आगे जाकर यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कार आगे नहीं बढ़ पाई। इसके बाद कार में सवार करीब तीन लोग गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। परिजनों का आरोप है कि कार में शराब और नमकीन आदि के पैकेट तथा गिलास भी मिले हैं।
हादसे में जान गंवाने वाली सोनिया की उम्र 33 वर्ष थी, जबकि उसके पति हितेश की उम्र करीब 37 से 38 वर्ष है। हितेश ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में प्राइवेट नौकरी करते हैं। इस हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। मृतका के पीछे तीन बच्चे हैं, जिनमें 13 साल की एक बेटी, 11 साल की दूसरी बेटी और 7 साल का एक बेटा है। मां की मौत और पिता के गंभीर रूप से घायल होने के बाद तीनों बच्चों के सामने भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है।
भिवानी में दर्दनाक सड़क हादसा, दंपती को कार ने कुचला
Tragic road accident in Bhiwani; couple run over by a car
Continue With Google
Comments (0)