कुरुक्षेत्र के एक निजी होटल में एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक श्री चंद्र मोहन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेश कुमार और ANC इंचार्ज सतविंदर सिंह चट्ठा के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। इस दौरान होटल में अवैध रूप से जुआ खेलते हुए सात युवकों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 45 हजार 210 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, छह बाइक और स्कूटी बरामद की हैं। होटल मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।