भिवानी में राज्य स्तरीय मुईथाई चैंपियनशिप का भव्य आगाज
भिवानी
भिवानी के श्री सनातन धर्म जगदीश गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चौथी हरियाणा स्टेट यूथ मुईथाई चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से 216 प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो 9 और 10 मई को अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
मुईथाई स्पोर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप का उद्घाटन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के रिटायर्ड असिस्टेंट सेक्रेटरी ओपी नंदवानी और एसोसिएशन के प्रधान राहुल राणा ने किया। खिलाड़ियों ने जोश और उत्साह के साथ मुकाबलों की शुरुआत की। इस मौके पर बच्चों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
ओपी नंदवानी ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। मुईथाई एक ऐसा खेल है जिसमें खिलाड़ी आठ अंगों का उपयोग करता है, जो न केवल उन्हें अनुशासन सिखाता है बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करें।
एसोसिएशन के प्रधान राहुल राणा ने बताया कि इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि मुईथाई लड़कियों के लिए आत्मरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है और नए खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
इस राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखने लायक है। अब सभी की नजरें उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर टिकी हैं, जो यहां से जीतकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की तैयारी में हैं।
Continue With Google
Comments (0)