भिवानी: योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा बोले- 'मेरा फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल वाले किसानों को ही मिलेगी खाद
भिवानी के भीम स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग का भव्य महाकुंभ देखने को मिला, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों और अधिकारियों तक का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान योग दिवस के मंच से कृषि मंत्री ने न केवल "योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा" का संदेश दिया, बल्कि किसानों, खाद की किल्लत, फसल बीमा और ईंधन सप्लाई जैसे कई ज्वलंत मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।
'योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा' का संकल्प भीम स्टेडियम में जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि योग से जहां बीमारियां दूर होती हैं, वहीं यह युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालने में भी मददगार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना है, इसीलिए मंत्रियों से लेकर डीसी और एसपी तक की ड्यूटी प्रदेशभर के कार्यक्रमों में लगाई गई है।
खाद वितरण पर बड़ा फैसला: 'मेरा फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल अनिवार्य डीएपी और यूरिया की उपलब्धता पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कृषि मंत्री ने एक बड़ी व्यवस्था का एलान किया। उन्होंने कहा कि पिछली बार खाद के लिए लगी लंबी कतारों से सबक लेते हुए इस बार सरकार ने नियमों में बदलाव किया है। अब हरियाणा में केवल उन्हीं किसानों को डीएपी और यूरिया खाद दी जाएगी, जो 'मेरा फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर पंजीकृत हैं। इससे खाद की कालाबाजारी और कृत्रिम किल्लत पर पूरी तरह रोक लगेगी। उन्होंने दावा किया कि सूबे में खाद की कोई कमी नहीं है।
फसल नुकसान और बीमा कंपनी विवाद पर बोले मंत्री बेमौसमी बारिश और फसलों के नुकसान पर बोलते हुए कृषि मंत्री ने इसे प्रकृति का प्रकोप बताया। उन्होंने कहा, "खेती मौसम के अधीन है, कभी बारिश से नुकसान होता है तो कभी रिकॉर्ड पैदावार भी होती है।" किसानों को मुआवजा न मिलने और कोर्ट जाने के सवाल पर उन्होंने स्वीकार किया कि कई बार किसानों और बीमा कंपनियों के बीच तालमेल की कमी के कारण विवाद होते हैं और मामला अदालत तक पहुंचता है। उन्होंने सभी किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाने की अपील की।
पेट्रोल-डीजल की सप्लाई अब सामान्य ईंधन की कीमतों और आपूर्ति को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि पहले कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण आपूर्ति में बाधा आई थी, लेकिन अब पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह से सामान्य हो चुकी है, इसलिए जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।
श्याम सिंह राणा (कृषि मंत्री, हरियाणा)
Continue With Google
Comments (0)