रीवा का 'रबर बॉय': 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुके आदर्श पांडे के योग करतब देख रह जाएंगे हैरान, भाई भी करते हैं हैरतअंगेज क्रियाएं 

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले का एक युवक इन दिनों अपने अनोखे और हैरतअंगेज योगासनों को लेकर सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ सुर्खियों में है। वह अपने शरीर को इस कदर लचीला बना चुके हैं कि लोग उन्हें ‘रीवा का रामदेव बाबा’, ‘फ्लेक्सिबल बॉय’ और ‘रबर बॉय’ जैसे नामों से पुकारने लगे हैं। हम बात कर रहे हैं रीवा के आदर्श पांडे की, जिन्हें योग के कठिन आसन करते देख लोग दांतों तले अंगुलियां दबा लेते हैं।

आदर्श ने योग विद्या में इतनी महारत हासिल कर ली है कि उनके आसनों को देखकर अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। उन्होंने निरंतर अभ्यास से अपने शरीर को किसी रबर की तरह ढाल लिया है, जिसे वे किसी भी एंगल पर आसानी से मोड़ लेते हैं। योग में अपनी इसी असाधारण प्रतिभा के दम पर आदर्श ने 6 अलग-अलग योगासनों में वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं।

84 लाख आसनों में से 'कर्णपीड़ासन' में हासिल है महारत प्राचीन ग्रंथों के अनुसार योग में 84 लाख आसनों का उल्लेख मिलता है, जिनमें से 84 आसन मुख्य माने गए हैं। इनमें भी सिद्धासन, भद्रासन और सिंहासन को सबसे प्रमुख स्थान दिया गया है। लेकिन आदर्श पांडे ने सबसे कठिन माने जाने वाले 'कर्णपीड़ासन' में विशेष महारत हासिल की है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर संदेश देते हुए आदर्श कहते हैं, "योग केवल किसी एक विशेष दिन (योग दिवस) के लिए नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। रोज़ाना योग करने से न सिर्फ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है, बल्कि शरीर की तमाम व्याधियां (बीमारियां) भी अपने आप दूर हो जाती हैं।"

भाई गीता पांडे करते हैं दुर्लभ 'वस्त्र धोती' क्रिया आदर्श पांडे के साथ-साथ उनके भाई गीता पांडे भी योग की दुनिया में चमत्कारी करतब दिखाते हैं। गीता पांडे योग की सबसे कठिन और प्राचीन षटकर्म क्रियाओं में से एक 'वस्त्र धोती क्रिया' करते हैं। इस क्रिया के तहत वे 7 मीटर लंबी और 4 अंगुल चौड़ी सूती कपड़े की पट्टी को मुंह के जरिए पेट के अंदर ले जाते हैं और फिर उसे पूरी तरह बाहर निकाल लेते हैं। इस अद्भुत और दुर्लभ क्रिया को देखना अपने आप में एक अनोखा अनुभव है।


 

  • आदर्श पांडे (विश्व रिकॉर्ड धारी योग साधक)