केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी 6 नवंबर को होने वाले उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा जहां इस दौरे को लेकर बेहद उत्साहित है, वहीं कांग्रेस ने इस पर कड़ा पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि गृह मंत्री पुलिस लाइन में शासकीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परेड ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी और चुनावी दृष्टिकोण से पार्टी को बड़ा लाभ मिलेगा। दूसरी ओर, कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि 'अतिथि देवो भव:' के तहत गृह मंत्री का स्वागत है, लेकिन उन्हें देवभूमि की जनता के ज्वलंत सवालों के जवाब भी लेकर आने होंगे। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, सीबीआई जांच की स्थिति, युवाओं व महिलाओं पर हुए लाठीचार्ज और अलकनंदा होटल व हल्द्वानी सहित प्रदेश की सरकारी जमीनों की कथित बंदरबांट पर सरकार को आड़े हाथों लिया। प्रतिमा सिंह ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए जनता को 'मन की बात' नहीं बल्कि इन गंभीर मुद्दों पर ठोस जवाब चाहिए।