नूंह भाजपा की कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय नूंह में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को महारैली की सफलता के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ और पूर्व मंत्री बख्शीस सिंह विर्क मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी नूंह के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चौधरी शहीदा खान ने की।
बैठक में भाजपा सरकार पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने और महारैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
 जिला कांग्रेस कमेटी ने संकल्प लिया कि मेवात क्षेत्र से 5,000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंचकर महारैली में शामिल होंगे। इसके लिए नूंह जिले के सभी छह ब्लॉकों में तैयारियां तेज करने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने पर जोर दिया गया।
जिलाध्यक्ष चौधरी शहीदा खान ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की ताकत सर्वोपरि है और प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने पार्टी नेताओं, ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर महारैली को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मेवात से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि क्षेत्र की आवाज दिल्ली के रामलीला मैदान तक मजबूती से पहुंच सके।