भिवानी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। CIA स्टाफ-2 भिवानी ने हत्या के मामले में पिछले 8 साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी मोस्ट वांटेड अपराधी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी 2018 से उद्घोषित अपराधी घोषित था।

जानकारी देते हुए डीएसपी अनूप कुमार ने  बताया कि पुलिस अधीक्षक भिवानी मयंक मिश्रा के निर्देश पर जिला पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मोस्ट वांटेड और इनामी अपराधियों की धरपकड़ में लगी हुई हैं।
इसी कड़ी में 13 नवंबर को CIA स्टाफ-2 के उप निरीक्षक बलजीत सिंह ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए राजस्थान से आरोपी को काबू किया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मीनू कुमार उर्फ धोलू पुत्र जसबीर, निवासी गांव बड़ेसरा, जिला भिवानी के रूप में हुई है।आरोपी को थाना बवानी खेड़ा में दर्ज अभियोग संख्या 132, दिनांक 09.07.2017, धारा 147, 148, 149, 323, 341, 325, 307, 302, 506, 212 आईपीसी एवं 25 शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।


उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय द्वारा वर्ष 2018 में उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।वहीं आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस महानिदेशक हरियाणा द्वारा वर्ष 2020 में 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर 01 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी।