सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर जारी अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा। इस आंदोलन को विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक संगठनों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। पांचवें दिन जिला पंचायत सदस्य कलावती देवी, कांग्रेस नेता संदीप कुमार और उत्तराखंड क्रांति दल के नेता प्रकाश राम सहित कई जनप्रतिनिधियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को अपना नैतिक समर्थन प्रदान किया। आंदोलनकारियों की सात सूत्रीय मांगों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तत्काल नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन, फार्मासिस्ट अधिकारी की तैनाती, आयुष्मान मित्र की नियुक्ति, रोटेशन ड्यूटी और सोलर लाइट व्यवस्था प्रमुख हैं। जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती, संघर्ष जारी रहेगा।