लोकआस्था और सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ रविवार को अतरौलिया क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के लिए नगर के पूरब पोखरा और पश्चिम पोखरा समेत ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दोनों प्रमुख पोखरों पर इतनी भीड़ रही कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची। चारों तरफ छठी मइया के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। सौभाग्य, संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना के साथ व्रती महिलाओं ने पारंपरिक परिधान धारण कर सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरा और सुपली लेकर गाजे-बाजे के साथ समूहों में घाटों की ओर प्रस्थान किया। रास्ते भर महिलाएं मंगलगीत गाती रहीं। सूर्यास्त से पूर्व व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर फल, फूल, गन्ना, दूध और अन्य पूजन सामग्री से सजे बांस के सूप के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के दीर्घायु होने की कामना की। नगर के पूरब पोखरा और पश्चिम पोखरा के अलावा नंदना, मदियापार, लोहरा, बढ़या, छितौनी, अतरैठ और बांसगांव सहित विभिन्न स्थानों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। घाटों पर मेले जैसा नजारा देखने को मिला। जहां एक ओर व्रती महिलाएं पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में लीन रहीं, वहीं दूसरी ओर युवतियों और बच्चों में सेल्फी लेने का उत्साह दिखाई दिया।
नगर पंचायत की ओर से दोनों प्रमुख पोखरों पर साफ-सफाई, विद्युत प्रकाश और रंग-बिरंगी झालरों से सजावट कराई गई थी। डीजे पर बज रहे छठी मइया के पारंपरिक गीतों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दूबे के नेतृत्व में पुलिस बल विभिन्न घाटों पर मुस्तैद रहा। महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की गई थी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक संग्राम यादव, ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने सभी व्रती महिलाओं और क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, जगदीश पांडे, राधे श्याम यादव, चंद्रजीत यादव, राजू पांडे,धर्मेंद्र निषाद राजू, टीटू विनायकर, तजमुल हुसैन, अजीजूर रहमान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आजमगढ़ में छठ का आस्था का महासंगम
Chhath's grand gathering of faith in Azamgarh
Continue With Google
Comments (0)