नगर पंचायत थराली में नवदुर्गा महिला जागृति रामलीला का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। 10 नवंबर से दूसरी बार आयोजित हो रही इस रामलीला की खास बात यह है कि इसमें अधिकांश पात्रों की भूमिका महिलाओं द्वारा निभाई जा रही है। केवल हनुमान जी के पात्र की भूमिका पुरुष कलाकार निभा रहे हैं। महिलाओं की इस अनूठी पहल को स्थानीय लोगों का भी भरपूर सहयोग और प्रोत्साहन मिल रहा है।
रामलीला के चतुर्थ दिवस राम-लक्ष्मण-परशुराम संवाद और सीता विवाह की मनमोहक लीलाओं का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से राम-परशुराम संवाद और सीता विवाह के प्रसंग ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
चतुर्थ दिवस मुख्य रामसेवक के रूप में जिला पंचायत सदस्य चौंडा वार्ड कलावती देवी, जिला पंचायत सदस्य सूना वार्ड हरीश सोनियाल तथा भारतीय स्टेट बैंक थराली के शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश नौटियाल मौजूद रहे।
इससे पूर्व रामलीला के द्वितीय दिवस रावण, कुंभकरण और विभीषण को ब्रह्मा जी से वरदान प्राप्त होने, रावण द्वारा कैलाश पर्वत उठाने के प्रयास, भगवान शिव द्वारा उसे श्रापित किए जाने तथा राक्षसों के अत्याचार से चिंतित देवताओं के भगवान विष्णु के पास पहुंचने की लीलाओं का मंचन किया गया था। इस दौरान भगवान विष्णु ने राक्षसों के विनाश का संकल्प लिया।
रामलीला निर्देशक प्रेमचंद्र देवराड़ी ने बताया कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दूसरी बार इस आयोजन को किया जा रहा है।
महिला रामलीला में सीता विवाह का भव्य मंचन
Grand staging of Sita's wedding in an all-female Ramlila
Continue With Google
Comments (0)