छोटी काशी भिवानी में गोवर्धन पूजा के अवसर पर धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री हनुमान जोहड़ धाम, हनुमान ढाणी सहित विभिन्न जगहों पर विशाल अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे। महंत चरणदास महाराज के अनुसार, यह प्रदेश का सबसे बड़ा अन्नकूट भंडारा है, जहां इस बार करीब 12 से 13 हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद तैयार किया गया। इस दौरान सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने गोवर्धन पूजा कर भगवान को भोग लगाया।
छोटी काशी भिवानी की धार्मिक पहचान एक बार फिर श्री हनुमान जोहड़ धाम, हनुमान ढाणी में देखने को मिली। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर आयोजित अन्नकूट भंडारे में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। सैकड़ों वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को हर साल बड़े स्तर पर मनाया जाता है।
महंत चरणदास महाराज ने बताया कि इस बार करीब 12 से 13 हजार लोगों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु मंदिर में प्रसाद ग्रहण करने के साथ-साथ अपने घरों के लिए भी प्रसाद लेकर जाएंगे। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने गोवर्धन जी की पूजा-अर्चना कर भगवान को भोग लगाया।
इस बार भंडारे में करीब 3100 लीटर लस्सी की कढ़ी तैयार की गई, जबकि 4100 से भी अधिक अन्य सामग्री के साथ विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई। भगवान को 16 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। महंत चरणदास महाराज ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी मेलजोल, भाईचारे और आस्था को मजबूत करने का काम करते हैं।
महिला आयोग उपाध्यक्ष मीना परमार ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस पर्व का संबंध भगवान श्रीकृष्ण और ब्रजवासियों की आस्था से जुड़ा हुआ है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, जब इंद्रदेव ने क्रोधित होकर ब्रज में सात दिनों तक लगातार वर्षा और तूफान से कहर बरपाया, तब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी।
इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण ने सभी ब्रजवासियों को अपने घरों से सामग्री लाकर गिरिराज जी को भोग लगाने का संदेश दिया। इसी परंपरा के तहत अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है। महंत चरणदास महाराज ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के संरक्षण, पर्वतों, जंगलों और गौवंश के महत्व का संदेश भी देती है।
*बाइट: महंत चरणदास महाराज, रमेश सैनी, मीना परमार महिला आयोग उपाध्यक्ष, अशोक बुवानीवालाल, पवन बुवानीवाला
महंत चरणदास महाराज ने कामना की कि भगवान गिरिराज जी और श्रीकृष्ण का आशीर्वाद भिवानी सहित पूरे प्रदेश और देशवासियों पर बना रहे। अन्नकूट भंडारे के इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया।
भिवानी में प्रदेश का सबसे बड़ा अन्नकूट भंडारा
The state’s largest 'Annakoot Bhandara' (community feast) in Bhiwani
Continue With Google
Comments (0)