रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेत की लोहे की फेंसिंग में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती मंगलवार की रात करीब 3 बजे अपने प्रेमी से मिलने घर से निकली थी। घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में प्रेमी उसका इंतजार कर रहा था।
खेत में प्रवेश करने के लिए युवती जैसे ही लोहे की तारों से बनी बाड़ी पार करने लगी, करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रेमिका की मौत देखकर प्रेमी बदहवास हो गया। उसने सिसकते हुए मृतका के भाई को फोन कर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खेत में करंट प्रवाहित करने वाली फेंसिंग खेत मालिक द्वारा लगाई गई थी। पुलिस ने खेत मालिक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं प्रेमी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एक मुलाकात की उम्मीद लेकर घर से निकली युवती की जिंदगी खेत की बाड़ी में दौड़ रहे करंट ने छीन ली।