हरियाणा के बहुचर्चित मनीषा डेथ मिस्ट्री मामले में कोर्ट से परिवार को बड़ी राहत मिली है। अदालत ने सीबीआई की ओर से पेश की गई क्लोजर रिपोर्ट को खारिज करते हुए मामले की दोबारा जांच करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट के इस फैसले के बाद मनीषा के परिवार और पिछले करीब डेढ़ साल से न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों में उम्मीद जगी है। मनीषा के पिता संजय ने इसे न्याय की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। वहीं किसान नेता सुरेश कोथ ने कहा कि 36 बिरादरी का भाईचारा शुरू से परिवार के साथ खड़ा है और जब तक बेटी को न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा।
मनीषा डेथ मिस्ट्री मामले में अदालत के फैसले के बाद मनीषा के पिता संजय ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें कोर्ट से उम्मीद की नई किरण मिली है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब सवा साल से हरियाणा की 36 बिरादरी और विभिन्न खापों के प्रतिनिधि बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
संजय के अनुसार, जब तक मामला सामाजिक और सड़क पर संघर्ष का था, तब तक पूरे भाईचारे ने उनका सहयोग किया। इसके बाद जब कानूनी लड़ाई शुरू हुई तो उनके वकील ने मजबूती से पक्ष रखा। इसी पैरवी के चलते अदालत ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार नहीं किया और दोबारा जांच के आदेश दिए।
मनीषा के पिता ने सीबीआई की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया गया था। उनका आरोप है कि जांच में संबंधित अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन को शामिल नहीं किया गया। इसके अलावा कई गवाहों के बयान और महत्वपूर्ण तथ्यों को भी सही तरीके से जांच का हिस्सा नहीं बनाया गया।
उन्होंने मनीषा की आखिरी कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन को लेकर भी सवाल उठाए। संजय का कहना है कि रात करीब 12 बजे हुई कॉल की लोकेशन और मोबाइल आखिरी बार कहां मिला तथा कहां बंद हुआ, इन सवालों का जवाब जांच में नहीं मिला।
उन्होंने कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज को लेकर भी संदेह जताया। उनका आरोप है कि हरियाणा प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज करीब 40 दिन तक अपने पास रखे और उन्हें समय पर आगे नहीं भेजा गया। फुटेज में कटिंग होने की बात भी उन्होंने कही। संजय ने बताया कि उनकी बेटी आइडियल कॉलेज, सिंघाना गई थी और परिवार शुरू से ही कॉलेज में हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
सुसाइड नोट को लेकर भी मनीषा के पिता ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि जिस कथित सुसाइड नोट की बात की जा रही थी, उसकी लिखावट मनीषा की लिखावट से मेल नहीं खाती। संजय के मुताबिक अदालत ने लिखावट की जांच उत्तर भारत और दक्षिण भारत की दो अलग-अलग जगहों से करवाने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताए गए समय और मनीषा के लापता रहने की अवधि को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम से जुड़े तथ्यों के अनुसार मौत के समय और शव मिलने के बीच का अंतर कई सवाल खड़े करता है। परिवार यह जानना चाहता है कि इस दौरान मनीषा कहां थी और उसके साथ क्या हुआ था।
संजय ने यह भी कहा कि परिवार शुरू से ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है और जब तक बेटी को न्याय नहीं मिल जाता, उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
वहीं किसान नेता सुरेश कोथ ने भी कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मनीषा मामले में शुरू से ही पूरे हरियाणा के लोगों के मन में कई सवाल थे, जिनका जवाब आज तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए 36 बिरादरी के लोगों ने एकजुट होकर संघर्ष किया है और आगे भी परिवार का पूरा साथ दिया जाएगा।
जांच के दोबारा आदेश, परिवार को मिली राहत
Investigation ordered again; family gets relief
Continue With Google
Comments (0)