धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित आपत्तिजनक बयान पर यादव महासभा का आक्रोश, शिल्पी प्लाजा में पुतला दहन कर जताया विरोध

रीवा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर यादव समाज में नाराजगी देखने को मिल रही है। अखिल भारतीय यादव महासभा जिला इकाई रीवा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शिल्पी प्लाजा में एकत्रित होकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला दहन किया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही महासभा ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा और कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

दरअसल, अखिल भारतीय यादव महासभा का आरोप है कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण एवं यादव समाज को लेकर की गई कथित टिप्पणी से समाज की धार्मिक भावनाएं और सामाजिक प्रतिष्ठा आहत हुई हैं। इसी के विरोध में यादव महासभा के सदस्यों ने रीवा के शिल्पी प्लाजा में विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के बाद महासभा के पदाधिकारी और सदस्य थाना सिविल लाइन पहुंचे, जहां थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित बयान और वीडियो की सत्यता की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

महासभा ने प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली कथित टिप्पणियों पर गंभीरता से संज्ञान लिया जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।