हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी परिसर में बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ की अध्यक्षता में दीपावली के शुभ अवसर पर भव्य दीपावली मेला उत्सव का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया।  कार्यक्रम की अध्यक्षता बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने की तथा बोर्ड सचिव दीपक बाबूलाल करवा, आई.ए.एस. की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर बोर्ड के अधिकारी/कर्मचारी एवं उनके परिवारजन तथा सर्वपल्ली राधाकृष्णन् स्कूल के अध्यापक, बच्चे व उनके अभिभावक भारी संख्या  में उपस्थित रहे।  सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं उल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम के दौरान दीपावली के पारंपरिक महत्व को रेखांकित करते हुए दीप प्रज्वलित किए गए तथा परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। उपस्थित अधिकारी/कर्मचारी एवं सर्वपल्ली राधाकृष्णन् स्कूल के अध्यापकों, बच्चों व उनके अभिभावकों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना की तथा मेले के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विशेष रूप से ‘शहीदों के नाम एक दीप’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में दीप प्रज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस पहल के माध्यम से राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता, देशभक्ति एवं शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य तथा निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमें इस पावन पर्व पर अपने जीवन में सकारात्मकता, सद्भावना, सेवा एवं परोपकार की भावना को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि देश की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों का योगदान अतुलनीय है। उनके त्याग एवं समर्पण के कारण ही हम सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पा रहे हैं। इसलिए शहीदों के नाम एक दीप प्रज्वलित करना उनके प्रति हमारी सच्ची कृतज्ञता एवं सम्मान का प्रतीक है।
 बोर्ड सचिव दीपक बाबूलाल करवा, आई.ए.एस. ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन संस्थान में सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण स्थापित करने के साथ-साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय एवं पारिवारिक भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव एवं खुशियां बांटना है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि त्योहारों को पारंपरिक उत्साह के साथ मनाते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का भी विशेष ध्यान रखें।
इस दीपावली उत्सव मेले में शिक्षा बोर्ड एवं सर्वपल्ली राधाकृष्णन् स्कूल द्वारा संयुक्त रूप से मनोरंजक, मनमोहक व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम  का आयोजन किया गया। सर्वपल्ली राधाकृष्णन् स्कूल के बच्चों द्वारा संगीतमय हनुमान चालीसा का पाठ कर कार्यक्रम में समा बांध दिया। बोर्ड अध्यक्ष व सचिव द्वारा दीपावली मेले में लगाई गई स्टालों का अवलोकन किया गया। मेले में आए लोगों विशेष तौर पर बच्चों ने विभिन्न प्रकार की स्वदेशी स्टालों पर खाद्य पदार्थों का रसास्वादन किया तथा स्टालों से उपयोगी सामग्रियाँ खरीदी।
कार्यक्रम के समापन पर बोर्ड अध्यक्ष एवं सचिव ने समस्त बोर्ड के अधिकारी/कर्मचारी एवं उनके परिवारजन तथा सर्वपल्ली राधाकृष्णन् स्कूल के अध्यापक, बच्चे व उनके अभिभावकों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।