कैसरगंज तहसील अंतर्गत कटका मरौठा गांव की रन्नो देवी रास्ते के विवाद का समाधान न होने से नाराज़ होकर एक बार फिर तहसील प्रांगण में धरने पर बैठ गईं। लगभग 20 दिन पहले भी रन्नो देवी इसी समस्या को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई थीं और आत्महत्या की धमकी दी थी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद वे नीचे उतरीं, लेकिन न्याय न मिलने से वे आज अपने परिवार के साथ फिर धरने पर बैठ गईं। उनका आरोप है कि आंशिक कब्जा हटाने से कोई लाभ नहीं हुआ और उन्हें स्थानीय लोगों द्वारा थाने में बंद करने की धमकी भी दी गई, जिससे वे काफी भयभीत हैं। अधिकारियों ने एक बार फिर मामले के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया है।