मेहनत, अनुशासन और हौसले के दम पर हरियाणा पुलिस के जवान बीके विक्की ने बॉक्सिंग के रिंग में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 90 किलोग्राम सुपर हैवीवेट वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया। विक्की ने हरियाणा पुलिस की तरफ से खेलते हुए तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश,सीआइए और बीएसएफ को हराकर गोल्ड मेडल जीता और उन्होंने बताया कि इस जीत पर विभाग द्वारा भी सम्मानित किया गया। उनकी इस शानदार उपलब्धि से न केवल हरियाणा पुलिस का मान बढ़ा है, बल्कि परिवार और ब्रह्माकुमारी परिवार का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र में विक्की की इस उपलब्धि पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। सेवा केंद्र संचालिका बीके निर्मल दीदी ने विक्की को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया और उनकी सफलता के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बता दें कि झज्जर निवासी विक्की हरियाणा पुलिस में वर्ष 2020 में भर्ती हुए थे और वर्तमान में मधुबन में कार्यरत हैं। विक्की ने बताया कि 23 से 27 सितंबर को ऑल इंडिया पुलिस एकेडमी, मधुबन में आयोजित बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उन्होंने 90 किलोग्राम सुपर हैवीवेट वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
विक्की की यह सफलता अचानक नहीं मिली। इसके पीछे लगातार अभ्यास, कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति उनका समर्पण रहा है। पुलिस की जिम्मेदारियों के साथ-साथ बॉक्सिंग के लिए समय निकालकर लगातार अभ्यास करना उनकी मेहनत और जज्बे को दर्शाता है। विक्की ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशिक्षकों और ब्रह्माकुमारी परिवार से मिले मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य कितना भी कठिन क्यों न हो, यदि इंसान मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े तो सफलता हासिल की जा सकती है।