हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 30 अक्टूबर को भिवानी के भीम स्टेडियम में एशियन गेम्स और पैरा एशियन गेम्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनकी प्राइज मनी भी घोषित की जाएगी। विधायक घनश्याम सराफ ने इस आयोजन को खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही उन्होंने भीम स्टेडियम में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं।

भिवानी को खेलों की नर्सरी कहा जाता है और यहां के खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग, कुश्ती और जैवलिन थ्रो सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अब इन खिलाड़ियों के सम्मान में भीम स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। विधायक घनश्याम सराफ ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एशियन गेम्स, पैरा एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

विधायक घनश्याम सराफ ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा खिलाड़ियों के सम्मान के लिए इस तरह का आयोजन करना एक बड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खिलाड़ियों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाएंगे और उन्हें आशीर्वाद देंगे। इसके साथ ही खिलाड़ियों को मिलने वाली प्राइज मनी की घोषणा भी की जाएगी।