रीवा में पिस्टल लेकर घर पहुंचा युवक, जान से मारने की दी धमकी, पीड़ित परिवार दहशत में

रीवा शहर के अमहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर वार्ड क्रमांक 23 में पिस्टल लेकर एक व्यक्ति के घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित अमर प्रसाद परिहार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, 6 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे पीड़ित के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और आरोप लगाया कि पीड़ित ने मुस्लिमों के घरों पर कब्जा कर रखा है। इस पर पीड़ित ने जवाब दिया कि उसने किसी की जमीन या घर पर कब्जा नहीं किया है।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दिन शाम करीब 4:09 बजे रॉक्साई खान नामक व्यक्ति पिस्टल लेकर उसके घर पहुंच गया। घर के बाहर बुलाकर गाली-गलौज करते हुए उसने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने पिस्टल उसकी ओर तानकर ट्रिगर पर उंगली रख दी, जिसके बाद वह किसी तरह भागकर घर के अंदर चला गया।
पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद वह भयभीत होकर रात 11 बजे तक घर से बाहर नहीं निकला। परिवार के लोग भी दहशत में हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।