स्कूल के दिवाली उत्सव में रिवॉल्वर लेकर पहुंचा पूर्व सरपंच का बेटा, हवाई फायरिंग से मचा हड़कंप

12वीं कक्षा का छात्र है शुभम, चाचा की लाइसेंसी रिवॉल्वर से स्कूल के बाहर चलाई गोली; एक खाली कारतूस और पांच जिंदा कारतूस बरामद

नूंह। स्कूल में दिवाली उत्सव मनाया जा रहा था, लेकिन जश्न के बीच एक छात्र रिवॉल्वर लेकर पहुंच गया। आरोप है कि पूर्व सरपंच के बेटे शुभम ने स्कूल के बाहर चाचा की लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला नूंह जिले के आटा गांव स्थित शिव पब्लिक स्कूल का है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए शुभम को हुंडई एस्टर गाड़ी से काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक रिवॉल्वर, फायर किया हुआ एक खाली कारतूस और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, शुभम इसी स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र है। शुरुआती जांच में सामने आया कि उसके पास मिली रिवॉल्वर उसके चाचा की लाइसेंसी है, जिसे वह घर से लेकर आया था। स्कूल में दिवाली उत्सव आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान स्कूल के बाहर फायरिंग की गई। हालांकि, पुलिस के अनुसार घटना स्कूल का समय शुरू होने से पहले की है और गोली किसी को नहीं लगी।

इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दिवाली उत्सव में छात्र को लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर आने की जरूरत क्यों पड़ी? घर में सुरक्षित रखे जाने वाले हथियार को छात्र अपने साथ स्कूल तक कैसे ले आया? क्या परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी?

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हथियार के दुरुपयोग को देखते हुए उसके चाचा का लाइसेंस रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।