नूंह जिले में नकली और असुरक्षित पनीर के निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया है। फिरोजपुर झिरका तहसील के गांव गुज्जर नंगला में छह डेयरियों पर औचक छापेमारी की गई। इस दौरान 5,319 किलोग्राम नकली पनीर मौके पर ही नष्ट करवाया गया। साथ ही, पनीर के सात नमूने गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। 818 किलोग्राम संदिग्ध कच्ची सामग्री और रसायन, जिनमें पाम ऑयल, मिल्क पाउडर, रंग और कपड़ों के लिए इस्तेमाल होने वाला सफेदी केमिकल शामिल था, को सील कर दिया गया है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।