राजधानी देहरादून  में खेल विभाग की मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी उत्तराखंड 2026,खेल महाकुंभ का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जिला देहरादून ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। कार्यक्रम में प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों और सभी जिलों से आए बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में खेल महाकुंभ का दसवां संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है, जिसमें 3 लाख 35 हजार से अधिक बच्चों ने भाग लिया। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक के खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से 11 करोड़ 30 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा की कि खेल महाकुंभ में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में 4% का आरक्षण दिया जाएगा। साथ ही, 'मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना' और 'मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना' के तहत छात्रों को स्कॉलरशिप और आर्थिक सहायता दी जा रही है, और राज्य में आधुनिक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर व खेल विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 1 सितंबर से शुरू हुआ था जो आज अपने समापन पर पहुंचा है आयोजन में 662 न्याय पंचायत स्तर तक के  खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर खेलने का मौका मिला है। समारोह में सांसद नरेश बंसल सहित बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे, जहां मलखंभ और योग का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं के भविष्य को संवारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई तथा विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लंबे शासनकाल में युवाओं के लिए कोई ठोस काम नहीं किया गया, जबकि वर्तमान सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।