रायबरेली। सड़क हादसों पर लगाम लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए रायबरेली पुलिस ने नवंबर माह में विशेष अभियान की शुरुआत कर दी है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस लाइन से यातायात जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 1 नवंबर से 30 नवंबर तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जनपद के सभी स्कूलों, कॉलेजों के साथ-साथ वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल से बचें। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।