उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अब समापन की ओर बढ़ रही है। इस वर्ष चारों धामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली है। अब तक 60 लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन पर खुशी जाहिर की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बदरी विशाल और बाबा केदार की कृपा से इस वर्ष यात्रा बेहद अच्छे और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुई है। श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या प्रदेश के लिए खुशी की बात है, लेकिन इसने आने वाले वर्षों में यात्रा को और बेहतर, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की चुनौती भी दी है।