मां बंबा कालिका मंदिर में नौ दिनों तक गूंजे मां दुर्गा के जयकारे, विधायक नरेंद्र प्रजापति ने की क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना
मनगवां में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक आयोजनों का संगम, दशहरा पर आईटीआई मैदान में होगा भव्य रावण दहन
रीवा जिले के मनगवां विधानसभा क्षेत्र में नवरात्रि का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मनगवां स्थित मलकपुर तालाब के समीप मां बंबा कालिका मंदिर में क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति द्वारा क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान होता रहा।
नवरात्रि के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में आमजन और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, वहीं शाम के समय गीत-संगीत, भजन-कीर्तन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कवि सम्मेलन भी आयोजित किए गए, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति ने बताया कि नवरात्रि का पर्व शक्ति की आराधना के साथ समाज में सकारात्मकता, सद्भाव और एकता का संदेश देता है। इसी भावना के साथ सभी श्रद्धालुओं के सहयोग से लगातार नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने मां बंबा कालिका से मनगवां विधानसभा क्षेत्र सहित समूचे क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
दशहरा पर आईटीआई मैदान में होगा रावण दहन
नवरात्रि के समापन के बाद दशहरा पर्व को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर मनगवां के आईटीआई मैदान में रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आस्था और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक दशहरा पर्व को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। रावण दहन के आयोजन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और सत्य की विजय का संदेश दिया जाएगा।
मनगवां में नवरात्रि के दौरान आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का माहौल बनाया। वहीं, दशहरा पर प्रस्तावित रावण दहन का आयोजन पर्व के उत्साह को और बढ़ाएगा।
Continue With Google
Comments (0)