भिवानी के वैश्य महाविद्यालय में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं परम श्रद्धेय बाबू बनारसीदास गुप्ता जी की 109वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने बाबूजी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया। वहीं, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के युवा महोत्सव ‘उत्कर्ष-2026’ में ओवरऑल चैंपियनशिप जीतकर महाविद्यालय का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान कलाकारों और टीम इंचार्जों को सम्मानित किया गया। समारोह में भिवानी के विधायक एवं महाविद्यालय प्रबंध समिति के महासचिव घनश्याम सर्राफ को उनके जन्मदिवस पर भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए शिक्षा और संस्कृति के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
भिवानी के वैश्य महाविद्यालय में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बनारसीदास गुप्ता जी की 109वीं जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय ट्रस्ट एवं प्रबंध समिति के पदाधिकारियों, प्राचार्य, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने बाबूजी को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके शिक्षा के प्रति समर्पण, समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित आठवें युवा महोत्सव ‘उत्कर्ष-2026’ में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान रहा। महिला महाविद्यालय, झोझूकलां में 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित इस युवा महोत्सव में वैश्य महाविद्यालय ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की थी। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 33 पुरस्कार हासिल किए, जिनमें 12 प्रथम, 14 द्वितीय और 7 तृतीय स्थान शामिल हैं।
हिंदी नाटक ‘ययाति’ में ओमप्रकाश और संस्कृत नाटक ‘ह वदन’ में अंकित कुमार ने सर्वोत्तम अभिनेता का खिताब जीतकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। दोनों विद्यार्थियों को समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वैश्य महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बनारसीदास गुप्ता जी के सुपुत्र अजय बनारसीदास गुप्ता ने बाबूजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जनकल्याण और समाज उत्थान के कार्यों को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ सांस्कृतिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वैश्य महाविद्यालय ट्रस्ट के अध्यक्ष एडवोकेट शिवरतन गुप्ता ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बनारसीदास गुप्ता जी का जीवन शिक्षा के प्रसार, समाजसेवा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहा। वहीं, ट्रस्ट के महासचिव डॉ. पवन बुवानीवाला ने महिला शिक्षा को बढ़ावा देने में बाबूजी के योगदान को याद करते हुए सांस्कृतिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
भिवानी के विधायक एवं महाविद्यालय प्रबंध समिति के महासचिव घनश्याम सर्राफ ने भी पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बनारसीदास गुप्ता जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि प्रतिभाओं को उचित मंच और मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। इस दौरान उनके जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानित भी किया गया।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष बृजलाल सर्राफ और ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विजय किशन अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों को भविष्य में इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय में जयंती और प्रतिभा सम्मान का संगम
A Confluence of Anniversaries and Talent Recognition at the College
Continue With Google
Comments (0)