दीपावली केवल दीप जलाने और मिठाइयां बांटने का त्योहार नहीं, बल्कि अपने जीवन से बुराइयों को दूर कर खुशियों और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का पर्व है। इसी संदेश के साथ भिवानी की रूद्र कॉलोनी स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से दीपावली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक संदेशों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। इस दौरान वक्ताओं ने आत्मिक स्वच्छता, मधुर व्यवहार और पुण्य कर्मों का नया खाता शुरू करने का आह्वान किया।

भिवानी की रूद्र कॉलोनी स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में दीपावली उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बीके रजनी बहन ने दीपावली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली केवल एक दिन का त्योहार नहीं, बल्कि पांच दिनों तक चलने वाला उत्सव है, जो हमें सिखाता है कि जिंदगी स्वयं एक उत्सव है और इसे खुशियों व उमंग के साथ जीना चाहिए।

उन्होंने कहा कि धनतेरस पर जलाया जाने वाला दीप परमपिता परमात्मा की पहचान का प्रतीक है। परमात्मा से जुड़कर आत्माएं ज्ञान के प्रकाश से आलोकित होती हैं और अपने भीतर खुशी, उमंग व उत्साह भरकर संसार में प्रकाश फैलाती हैं। हमें स्वयं प्रकाशित होकर दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला भरना चाहिए।

बीके रजनी बहन ने कहा कि दीपावली पर व्यापारी पुराने बही-खातों का हिसाब समाप्त कर नए खाते शुरू करते हैं। इसी प्रकार हमें भी अपने जीवन में हुई गलतियों, कमजोरियों और बुरे कर्मों का हिसाब खत्म कर पुण्य कर्मों का नया खाता शुरू करना चाहिए।

इस अवसर पर महम सेवा केंद्र से पहुंची राजयोगिनी चेतना बहन ने कहा कि दीपावली पर लोग नए कपड़े पहनते हैं, घर के कोने-कोने की सफाई करते हैं और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशियां बांटते हैं। ऐसे में हमें अपने मन की भी सफाई करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि मन में ईर्ष्या, द्वेष, नफरत या वैर-भाव जैसी नकारात्मक भावनाएं हैं, तो उन्हें दूर कर मन को स्वच्छ बनाना चाहिए। मिठाइयां बांटने के साथ-साथ एक-दूसरे के साथ मधुर व्यवहार करने का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने सभी से ज्ञान का दीप जलाकर जीवन में सकारात्मकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध चित्रकार शिव कुमार ने मनमोहक गीत की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। वहीं बच्चों ने नाटक के माध्यम से लक्ष्मी के आह्वान का संदेश दिया और नृत्य प्रस्तुति के जरिए सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुप्ता फूड कैटर्स के प्रोपराइटर सुशील गुप्ता, लिटिल हार्ट स्कूल से पवन गोयल और साइबर से विष्णु भ्राता ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस तरह ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का दीपावली उत्सव आध्यात्मिक संदेश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से सभी को बाहरी रोशनी के साथ-साथ अपने मन में ज्ञान, प्रेम और सकारात्मकता का दीप जलाने का संदेश दिया गया।