हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल शुरू होते ही भिवानी में हादसे की खबर सामने आई है। गांव सुरपुरा कलां के खेतों में करंट लगने से करीब 50 वर्षीय किसान बलवान की मौत हो गई। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरी ओर, हड़ताल के चलते भिवानी में बिजली कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और कार्यालय के बाहर ताला जड़ दिया। निजीकरण, एग्री डिस्कॉम और स्मार्ट मीटर के विरोध में कर्मचारियों ने मोर्चा खोल रखा है। कर्मचारी नेताओं ने हड़ताल में 99 से 100 प्रतिशत तक कर्मचारियों की भागीदारी का दावा किया है। उनके मुताबिक, भिवानी और चरखी दादरी क्षेत्र में 38 पावर हाउस बंद हैं। बिजली आपूर्ति बहाल करवाने के लिए एसडीएम महेश कुमार और डीएसपी महेश कुमार भी बिजली बोर्ड कार्यालय पहुंचे और नागरिक अस्पताल की बिजली शुरू करवाई।