बसतली झाल शिव मंदिर में हर-हर महादेव की गूंज, मूर्ति स्थापना के बाद श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

 बसतली झाल

बसतली झाल में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में हाल ही में मूर्ति स्थापना के पश्चात सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे में न केवल आसपास के गांवों से, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने शिव मंदिर में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर दिनभर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से गूंजता रहा।

मूर्ति स्थापना कार्यक्रम विधि-विधान के अनुसार संपन्न हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया और भगवान शिव से आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में भीड़ को सुव्यवस्थित रखने के लिए स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समाजसेवी नीरज गुनियाना, महेंद्र रसीना और महिपाल सांच ने बताया कि बसतली झाल का शिव मंदिर अत्यंत प्राचीन है और श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है। हर वर्ष शिवरात्रि के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन होता है, जिसमें आसपास के गांवों के लोग मिलकर सहयोग करते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों के लिए मंदिर परिसर में विशेष प्रबंध किए गए हैं। कांवड़ियों के ठहरने के साथ-साथ उन्हें चाय, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।